बेमेतरा

स्वयंभू बाबा ने बाधा दूर करने ठगे साढ़े 6 लाख
04-Apr-2026 4:00 PM
स्वयंभू बाबा ने बाधा दूर  करने ठगे साढ़े 6 लाख

बेमेतरा में ठगी के दो मामले दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 4 अप्रैल। बेमेतरा जिले के साजा और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्रों में ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बाधा दूर करने के नाम पर ठगी

साजा क्षेत्र के ग्राम पिपरिया निवासी भागवत साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति, जिसने स्वयं को बाबा बताया, ने पारिवारिक समस्या दूर करने और जेवर शुद्ध करने के नाम पर उससे कुल 6.63 लाख रुपये ले लिए।

शिकायत के अनुसार, परिचित के माध्यम से संपर्क में आए उक्त व्यक्ति ने पहले 23 हजार रुपये लिए, इसके बाद अलग-अलग किस्तों में 99 हजार और 33 हजार रुपये लिए।

27 फरवरी को, जब शिकायतकर्ता घर पर नहीं था, तब आरोपी ने घर की महिलाओं को जेवर शुद्ध करने का झांसा देकर मंगलसूत्र, झुमका सहित अन्य आभूषण ले लिए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद आरोपी संपर्क से बाहर हो गया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

नशा कराकर बाइक ले जाने का आरोप

दूसरा मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। वार्ड क्रमांक 4 निवासी संतोषी यादव के घर 5 जनवरी को एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा और बस स्टैंड छोडऩे का अनुरोध किया।

परिवार के अनुसार, महिला का बेटा उसे मोटरसाइकिल से छोडऩे निकला। रास्ते में आरोपी उसे एक स्थान पर ले गया, जहां उसे शराब पिलाई गई। युवक के अचेत होने पर आरोपी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

 

ठगी के मामलों में वृद्धि

पुलिस के अनुसार, जिले में वर्ष 2024 से फरवरी 2026 तक कुल 65 ठगी के मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सामान्य और साइबर ठगी दोनों प्रकार के मामले शामिल हैं।

पुलिस की अपील

डीआईजी रामकृष्ण साहू ने नागरिकों से अपील की है कि वे अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या तांत्रिक दावों पर विश्वास न करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई है।

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट