बेमेतरा

शोभायात्रा निकाल जोत-जवारा विसर्जन
29-Mar-2026 5:24 PM
शोभायात्रा निकाल जोत-जवारा विसर्जन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 मार्च। बेमेतरा जिले के अकलवारा, कांचरी, हरडुवा, भोजेपारा और देवकर सहित विभिन्न गांवों में नवरात्रि के नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार को जोत-जवारा विसर्जन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्राएं निकालीं और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन किया।

ग्राम अकलवारा के निवासी ध्रुव साहू के अनुसार, नौ दिनों तक अखंड ज्योति और जवारा की सेवा के बाद विसर्जन के दिन ग्रामीणों ने परंपरा अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए। श्रद्धालु जंवारा कलश लेकर गांव में भ्रमण करते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचे, जहां विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने जंवारा की आरती उतारी और परिवार तथा गांव की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्रि के दौरान गांव के शीतला मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर और नवग्रह शनि मंदिर में अष्टमी के दिन हवन-पूजन भी संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय पुजारी एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विसर्जन के साथ ही नवरात्रि पर्व के धार्मिक अनुष्ठानों का समापन हुआ।


अन्य पोस्ट