बेमेतरा

कृषि महाविद्यालय में छात्र संघ गठन, शपथ ग्रहण समारोह-वार्षिकोत्सव
26-Mar-2026 3:33 PM
कृषि महाविद्यालय में छात्र संघ गठन, शपथ ग्रहण समारोह-वार्षिकोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,  26 मार्च। रेवेन्द्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय में छात्र संघ गठन शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू रहे।

उन्होंने कहा कि संगठन विभिन्न पृष्ठ भूमियों में छात्रों की एकता को प्रोत्साहित करता है और उनके बीच में समावेशी वातावरण निर्माण करता है एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद से मानवीय मूल्यों में वृद्धि होती है एवं समाज विकसित होता है।

 विशिष्ट अतिथि कपिल देव दीपक, कुल सचिव इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने प्रदर्शनी कक्ष, प्रयोगशाला, महाविद्यालय, प्रक्षेत्र का भ्रमण कर प्रोत्साहित करते हुए समन्वित कृषि प्रणाली के सांप सीढ़ी तथा मशरूम मॉडल को सराहा और कम लागत में उगने वाले मशरूम के बारे में बताया तथा युवाओं को प्रेरणा देते हुए छात्रों को भविष्य के लिए अभी से ध्यान देने की सलाह दी, और कहा कि छात्र संघ की गतिविधियां और नेतृत्व में भागीदारी से छात्रों के बीच टीम वर्क और कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय  डॉ.संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने छात्र संघ के कर्तव्यों के बारे में अवगत करवाया और छात्र संघ के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को कर्तव्य परायणता एवं अनुशासन का शपथ दिलवाया और कहा कि छात्र-छात्राओं को विभिन्न पृष्ठभूमियों में तन मन धन से सेवा करने की लिए तत्पर रहना चाहिए छात्र संगठन छात्रों की एकता को प्रोत्साहित करता है और उनके बीच में समावेशी वातावरण का निर्माण करता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने समस्त आगंतुकों को वार्षिक प्रतिवेदन पेश करते हुए वर्ष 2024-25 के  शैक्षणिक गतिविधि व विभिन्न उपलब्धियों से अवगत कराया और कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन छात्र छात्राओं के जीवन को समृद्ध बनाने एवं आत्मविश्वास जगाने में मदद करता है। आयोजन से छात्रों को अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है और विशिष्ट छात्रों को हम उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हैं। छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए विभिन्न मनमोहक व नयनाभिराम प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया।

 कार्यक्रम में डॉ.यूके ध्रुव, डॉ.टीडी ,साहू, डॉ.असित कुमार, कुंती बंजारे, डॉ.भारती बघेल, डॉ.हेमलता निराला, डॉ.प्रीति पैंकरा, राजेश्वरी कुर्रे, डॉ.साक्षी बजाज, प्रतिभा सिंह, डॉ.सरिता शर्मा, डॉ.महानंद, डॉ.रामेश्वर, संजीव गुर्जर तथा महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट