बेमेतरा

राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी में मत्स्य पालन से बढ़ रही ग्रामीणों की आय
23-Mar-2026 3:40 PM
राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी में मत्स्य पालन से बढ़ रही ग्रामीणों की आय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा लिया गया गोद ग्राम जिले के ग्राम पंचायत टेमरी में मछली पालन अब ग्रामीणों के लिए विकास की नई राह बनता जा रहा है। मछली पालन विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम  टेमरी के छछुंदिया तालाब, दर्री तालाब और लोहरी तालाब में संगठित रूप से मत्स्य पालन किया जा रहा है। इन तीनों तालाबों का कुल जलक्षेत्र 7.020 हेक्टेयर है, जहां स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से मत्स्य पालन कार्य संचालित किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों की आय बढऩे के साथ-साथ गांव की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।

स्वयं सहायता समूहों और समितियों को मिला पट्टा, संगठित रूप से

हो रहा मत्स्य उत्पादन

ग्राम पंचायत  टेमरी के तीन प्रमुख तालाबों को स्थानीय समूहों को दीर्घकालीन पट्टे पर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को स्थायी रोजगार का अवसर मिला है। छछुंदिया तालाब लगभग 2.060 हेक्टेयर जलक्षेत्र में स्वयं सहायता समूह को पट्टे पर दिया गया है, जबकि दर्री तालाब 3.48 हेक्टेयर क्षेत्र में सहकारी समिति को तथा लोहरी तालाब 1.48 हेक्टेयर क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह को आवंटित किया गया है। इन तालाबों में योजनाबद्ध तरीके से मत्स्य पालन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की आजीविका मजबूत हो रही है और गांव विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

शासकीय योजनाओं से मिली

आर्थिक सहायता, मत्स्य पालन

को मिला नया विस्तार

मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पट्टा धारकों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। जाल, दवाइयों और मछली बीज के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मत्स्य बीज उत्पादन और मत्स्य पालन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन से मिली इस सहायता के कारण ग्रामीणों में मत्स्य पालन के प्रति रुचि बढ़ी है और वे इसे आय का प्रमुख साधन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

प्रशिक्षण और सर्वे के माध्यम से मिल रहा तकनीकी मार्गदर्शन

संबंधित विभाग द्वारा ग्राम में सर्वे कर पट्टा धारकों और समूह के सदस्यों का पंजीयन किया गया है। साथ ही ग्रामीणों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे आधुनिक तरीके से मत्स्य पालन कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण मिलने के बाद अब ग्रामीण बेहतर तरीके से मछली पालन कर रहे हैं और उत्पादन में भी सुधार देखा जा रहा है। इससे गांव में आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

 

कमियों को दूर करने के लिए विभाग सक्रिय, नए तालाबों को भी पट्टे पर देने की तैयारी

सर्वे के दौरान मछली पालन के लिए पानी की कमी जैसी कुछ समस्याएं सामने आई हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही गांव में स्थित अन्य खाली तालाबों को भी समिति या स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पट्टे पर उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार मिल सके और गांव का समग्र विकास हो सके।

मछली पालन से बढ़ रही आय, ग्रामीणों के लिए बन रहा स्थायी रोजगार का माध्यम

मछली पालन योजनाओं का लाभ मिलने से ग्राम टेमरी के ग्रामीण अब अपनी आजीविका मजबूत कर रहे हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है बल्कि गांव के विकास को भी गति मिल रही है। मछली पालन अब ग्राम  टेमरी में रोजगार और विकास का महत्वपूर्ण साधन बनकर उभर रहा है।


अन्य पोस्ट