बेमेतरा

शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
18-Mar-2026 2:55 PM
शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 18 मार्च। शिशु संरक्षण माह अर्धवार्षिक विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम कलेक्टर  प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में 17 मार्च से 21 अप्रैल तक पूरे एक माह तक प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित टीकाकरण दिवस पर आयोजित किया जाएगा। जिसका जिला स्तरीय शुभारंभ आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-01 वार्ड क्रमांक 14 सिंघौरी, बेमेतरा में 17 मार्च को टाकेश्वर साहू, पार्षद, वार्ड क्रमांक-14 एवं  प्रकाश ठाकुर, पार्षद वार्ड क्रमांक-13, नगर पालिका के गरिमामयी उपस्थिति में बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाकर एवं आई.एफ.ए. (आयरन फॉलिक एसिड) की सिरप का वितरण करके किया गया,उक्त अवसर पर डी आई ओ डॉ.शरद कोहाड़े स्वयं उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि अभियान के दौरान शिशु स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों का सफल संचालन व सेवाओं की प्रदायगी व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

शिशु संरक्षण माह कार्यक्रम के तहत 6 माह से लेकर 5 वर्ष के कुल 96366 बच्चे जिन्हें आयरन सिरप देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,

 इसी प्रकार 09 माह से 05 वर्ष तक के कुल 91014 बच्चों को विटामिन ए सिरप की खुराक समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं टीकाकरण सत्र स्थल पर प्रदाय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


अन्य पोस्ट