बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। लोक भवन में जब राज्यपाल रमेन डेका के हाथों वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय अधिकरण (जीएसटीएटी) पर आधारित ई-पुस्तक ‘जीएसटीएटी लिटिगेशन गाइड’ का विमोचन हुआ, तब इस समारोह में नवागढ़ क्षेत्र की बेटी अधिवक्ता आस्था तिवारी की उपस्थिति और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया।
ग्राम धनगांव की निवासी अधिवक्ता आस्था तिवारी इस पुस्तक की सह-लेखक हैं। राजधानी में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में राज्यपाल के साथ मंच साझा करना और एक महत्वपूर्ण विधि पुस्तक के लेखन में योगदान देना नवागढ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात बन गया है।
आस्था तिवारी जिले के वरिष्ठ पत्रकार राकेश तिवारी की पुत्री हैं। बचपन से ही शिक्षा और अध्ययन के प्रति गंभीर रहीं आस्था ने विधि के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। कम उम्र में ही देश के कर कानून से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पुस्तक के लेखन में भागीदारी कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि छोटे क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
‘जीएसटीएटी लिटिगेशन गाइड’ पुस्तक प्रख्यात अधिवक्ता विवेक सारस्वत द्वारा लिखी गई है। इसमें सह-लेखकों के रूप में अधिवक्ता बीना सिंह गौतम, आस्था तिवारी और प्रियांश शर्मा का योगदान है। यह पुस्तक वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय अधिकरण में होने वाली कानूनी प्रक्रियाओं को सरल भाषा में समझाने वाली मार्गदर्शिका मानी जा रही है। पुस्तक में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम 2017, अधिकरण प्रक्रिया नियम 2025, पूर्व-जमा की गणना, अंतरवर्ती आवेदन तथा ई-प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया जैसे विषयों को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया है, जिससे अधिवक्ताओं, कर सलाहकारों और करदाताओं को व्यावहारिक जानकारी मिल सके।
पुस्तक के विमोचन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि न्याय तक पहुंच किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और जीएसटीएटी की स्थापना करदाताओं को विशेषज्ञ और समयबद्ध न्यायिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पुस्तक को विधि जगत के लिए उपयोगी बताया।
लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद नवागढ़ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि धनगांव की बेटी आस्था तिवारी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। यह ई-पुस्तक सारस्वत एसोसिएट्स के वेब पोर्टल पर देशभर के पाठकों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है।