बेमेतरा

सभी ग्राम पंचायतों में मनाया आवास व रोजगार दिवस
08-Mar-2026 8:07 PM
सभी ग्राम पंचायतों में मनाया आवास व रोजगार दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मार्च।
प्रत्येक माह की तरह इस माह भी 7 तारीख को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आवास दिवस एवं रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मनरेगा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मनरेगा से जुड़े कार्यों और भुगतान पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। उपस्थित श्रमिकों और हितग्राहियों की मजदूरी भुगतान से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया गया तथा उन्हें योजना से मिलने वाले लाभों के बारे में अवगत कराया गया। इसके साथ ही संबंधित विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई और ग्रामीणों को योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक के दौरान जिले में संभावित जल संकट को देखते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि भूजल स्तर को बनाए रखने और बढ़ाने के लिए प्रत्येक परिवार को अपने घरों में सोखता गड्ढा (सोक पिट) या वर्षा जल संचयन संरचना का निर्माण करना चाहिए।
इस संबंध में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण के कार्यों को बढ़ावा दें, ताकि आने वाले समय में जल संकट की समस्या को कम किया जा सके।
आवास दिवस एवं रोजगार दिवस के आयोजन से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई और उन्हें अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर भी मिला। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और अधिक गति मिल सके।
 


अन्य पोस्ट