बेमेतरा
होलिका नहीं जलती फिर भी गांव में रहता है त्यौहार का माहौल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। बेमेतरा जिले का मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम बैजी पूरे प्रदेश में अपनी एक विशिष्ट और प्रेरणादायक परंपरा के लिए चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पूरे देश में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप होलिका दहन का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं इस गांव के ग्रामीण ने दशकों से सामूहिक रूप से होलिका नहीं जलाने का संकल्प लिया हुआ है। इसी अटूट मान्यता का पालन करते हुए इस वर्ष भी सोमवार को गांव की सीमा के भीतर कहीं भी अग्नि प्रज्जविलत नहीं की गई। इसके बावजूद गांव में होली पर्व का उत्साह दोगुना रहता है। लोग मिलजुलकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और बधाई देते हैं।
अमूल्य पशुधन पर आ सकती है विपत्ति
ग्रामीणों का यह दृढ़ विश्वास है कि गांव के भीतर होलिका दहन करने से उनके अमूल्य पशुधन पर भारी विपत्ति आ सकती है। विशेष रूप से मवेशियों में खुरहा-चपका जैसे संक्रमांक और जानलेवा बीमारियां फैलने का डर बना रहता है। पशुओं की सुरक्षा को अपनी आस्था से जोड़ते हुए यहां के लोग अग्नि उत्सव के स्थान पर केवल आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रंगों का त्यौहार मनाते आ रहे हैं।
ढाई दशक से बच्चा-बच्चा इस निर्णय का कर रहा सम्मान
पिछले ढाई दशकों से भी अधिक समय से गांव का बच्चा-बच्चा इस निर्णय का सम्मान कर रहा है और आज तक इस नियम का उल्लंघन नहीं किया गया है। ग्रामीणों को मानना है कि इस त्याग के बाद से गांव में फिर कभी मवेशियों पर ऐसा कोई बड़ा संकट नहीं आया। गांव के पंच सेवक वर्मा उप सरपंच प्रेमु वर्मा ग्रामीण उमेश, राकेश, हरीश यादव और अन्य निवासियों ने बताया कि यह परंपरा आप गांव की पहचान और पशु स्वास्थ्य के प्रति उनकी संवेदनशीलता का प्रतीक बन गई है।
35 साल पहले गांव में हुई थी दुखद घटना
इस सालोथी परंपरा की जड़े लगभग 35 वर्ष पुरानी एक दुखद घटना से जुड़ी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार ढाई-तीन दशक पहले जब गांव में पारंपरिक रूप से होलिका दहन किया गया था। इसके तुरंत बाद अचानक गांव की गायों, बैलों और भैंसों के पैर और मूंह में गंभीर बीमारी फैल गई थी। देखते ही देखते इस प्रकोप ने महामारी के का रूप ले लिया और बड़ी संख्या में बेजुबान मवेशियों की अकाल मृत्यु हो गई। इस आर्थिक और भावनात्मक क्षति को से पूरा गांव परेशान हो उठा था। तब गांव के वरिष्ठ जनों और बुद्धिजीवियों ने एक विशेष बैठक बुलाई और सर्वसम्मति से यह साहसी निर्णय लिया गया कि पशुधन की प्राण रक्षा के लिए भविष्य में कभी होलिका दहन नहीं किया जाएगा।