बेमेतरा
बेमेतरा, 3 मार्च। शासकीय कन्या प्राथमिक शाला देवकर विकासखंड साजा में शाला परिवार के द्वारा होलिका दहन उत्सव का आयोजन किया गया।
छात्राओं ने शिक्षक के साथ मिलकर होलिका का निर्माण किया। सुंदर रंगोली से सजावट की। होलिका दहन की कहानी प्रधान पाठक ने छात्राओं को सुनाई। जिसे छात्राओं ने स्वतंत्र लेखन के रूप में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा, साथ ही होलिका और होली से संबंधित सुंदर चित्र भी बच्चों के द्वारा बनाया गया। होलिका की परिक्रमा और पूजा करके होलिका दहन का त्यौहार मनाया गया।
प्रधान पाठक गिरिजा पटेल ने विद्यार्थियों को बताया कि होलिका दहन की कथा भक्त प्रहलाद और होलिका से जुड़ी है मान्यता है कि भक्त प्रहलाद को जलाने के लिए होलिका अग्नि में बैठी थी। लेकिन भगवान की कृपा से प्रहलाद सुरक्षित बच गए और होलिका जल गई इसलिए अग्नि की परिक्रमा करना बुराई का अंत और अच्छाई कि जीत का प्रतीक है यह होलिका दहन मनाए जाने का धार्मिक कारण है प्रत्येक त्यौहार बनाने के पीछे धार्मिक और वैज्ञानिक कारण तथा मान्यताएं जुड़े होती है।
होलिका दहन के पीछे वैज्ञानिक कारण बदलते मौसम सर्दियों से गर्मियों में वातावरण को शुद्ध करना और स्वास्थ्य लाभ है। जलती हुई होली का उच्च तापमान हवा और शरीर में मौजूद हानिकारक कीटाणुओं और बैक्टीरिया को नष्ट कर देता है जिससे बीमारियां कम होती है। यह संक्रमण रोकने की प्राचीन चिकित्सा पद्धति भी है। उक्त जानकारी को सुनकर बच्चे बहुत प्रसन्न हुए एवं अपने घर में भी इस जानकारी को प्रेषित करेंगे, ऐसा कहा गया।
बच्चों में उक्त आयोजन को लेकर काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आयोजन में प्रधान पाठक गिरिजा पटेल वीना रावटे, महेशीया निषाद और शाला परिवार के बच्चे सम्मिलित रहे।