बेमेतरा

हाफ नदी बचाने निकले पदयात्रियों का ग्रामीणों ने किया स्वागत
02-Mar-2026 3:38 PM
हाफ नदी बचाने निकले पदयात्रियों का ग्रामीणों ने किया स्वागत

पानी बचाओ-बनी बचाव, जीवनदायिनी नदी पर बढ़ते संकट को लेकर जनजागरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 2 मार्च। क्षेत्र की जीवनदायिनी हाफ नदी के संरक्षण और जल बचाने के संदेश को लेकर ‘पानी बचाओ, बानी बचाओ अभियान’ के तहत निकाली जा रही नदी तीर-तीर पदयात्रा का ग्राम बाघुल में ग्रामवासियों ने भव्य स्वागत किया। पदयात्रियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन कर ग्रामीणों ने अभियान को समर्थन दिया। स्वागत के बाद गांव में रामधुनी मंडली की अगुवाई में जनजागरण रैली भी निकाली गई, जिसमें जल संरक्षण, नदी-नालों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने पदयात्रियों के लिए पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था की। इस अवसर पर सरपंच कृष्णी साहू, परेटन साहू, दूज बाई, सुंदर साहू, शंकर साहू, नकुल साहू, नेतराम साहू, दिनेश सेन, काशीराम ध्रुव, तारण साहू, मि_ू साहू, ओमप्रकाश साहू, लल्लू निषाद, सती ध्रुव तथा कोटवार अनंदराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

130 किमी लंबी हाफ नदी, क्षेत्र की जीवनरेखा

यात्रा के संयोजक डॉ. वैभव बेमेतरिया ने बताया कि करीब 130 किलोमीटर लंबी हांफ नदी नवागढ़ क्षेत्र की प्रमुख जलधारा है। इसका उद्गम कबीरधाम जिले के पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत कांदिवानी वन क्षेत्र के घुरसी गांव से माना जाता है, जहां इसे धमना नदी के नाम से भी जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि पहले भीषण गर्मी के दिनों में भी नदी में भरपूर जल रहता था और लोग इसमें तैराकी करते थे, लेकिन अब नदी का जल स्तर लगातार घट रहा है। कई स्थानों पर नदी की धाराएं रोकी जा रही हैं, वर्षा जल का संरक्षण नहीं हो रहा और इसके कारण क्षेत्र में जल संकट गहराता जा रहा है। नदी की इसी दुर्दशा को देखकर नदी के उद्गम से शिवनाथ नदी के संगम तक पदयात्रा निकालने का संकल्प लिया गया।

नदी किनारे गांवों में बढ़ रहा जल संकट

डॉ. बेमेतरिया ने बताया कि पदयात्रा के दौरान नदी किनारे बसे गांवों में जल संकट की गंभीर स्थिति सामने आई है। वर्षा जल का पर्याप्त संचयन नहीं होना, निजी स्वार्थ के लिए नदी जल का दुरुपयोग तथा नदी किनारों पर बढ़ता प्रदूषण इसकी मुख्य वजह है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोग जागरूक नहीं हुए तो आने वाले समय में नदी-नाले केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगे।

 

ग्रामीणों ने जताई चिंता, सामूहिक प्रयास पर जोर

ग्रामवासी राजेश धर दीवान ने कहा कि हांफ नदी क्षेत्र की पहचान और जीवन का आधार है। पहले सालभर नदी में पानी बना रहता था, लेकिन अब गर्मी शुरू होते ही जल संकट गहराने लगता है। उन्होंने नदी संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताते हुए इस पदयात्रा को जागरूकता का महत्वपूर्ण अभियान बताया।

इन गांवों से होकर गुजर रही यात्रा

नदी तीर-तीर पदयात्रा क्षेत्र के ग्राम झांकी, नेवशा, गोपालभैना, बरबसपुर, अंधियारखोर, बूचीपुर सहित विभिन्न गांवों से गुजरते हुए लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। यह पदयात्रा 28 फरवरी से प्रारंभ होकर 2 मार्च को तरपोंगी (नांदघाट) स्थित हाफ और शिवनाथ नदी के संगम स्थल पर संपन्न होगी।


अन्य पोस्ट