बस्तर

धान रखरखाव में लापरवाही, जिला विपणन अधिकारी व धान संग्रहण केंद्र प्रभारी को नोटिस
19-Jul-2021 9:30 PM
धान रखरखाव में लापरवाही, जिला विपणन अधिकारी व धान संग्रहण केंद्र प्रभारी को नोटिस

जगदलपुर, 19 जुलाई। संग्रहण केंद्र में धान के उचित रखरखाव तथा आकस्मिक वर्षा से बचाव हेतु समुचित उपाय नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए खाद विभाग को संग्रहण केंद्र में जांच के लिए निर्देशित किया। वहीं धान संग्रहण केंद्र बिरिंगपाल में अनियमितता एवं धान के रखरखाव में लापरवाही के लिए जिला विपणन अधिकारी तथा धान संग्रहण केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2021 -2022 में जिले में कुल 142633.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। जिसमें से 85925.66 मीट्रिक टन धान मिलरो को तथा शेष धान  56170.59 मेट्रिक टन जिले के संग्रहण केंद्रों में भंडारित की गई है। साथ ही अन्य जिले के बीजापुर तथा दंतेवाड़ा से भी जिला बस्तर के धान संग्रहण केंद्रों में भंडारित किया गया है। जिले में कुल 3 धान संग्रहण केन्द्रों छोटे देवड़ा, बिरिंगपाल एवं नियानार है जहां कुल 124203.66  से धान संग्रहित है। वर्तमान में जिले के मिलरो को संग्रहण केंद्र से धान प्रदाय किया जा रहा है। कलेक्टर रजत बंसल ने 6 जुलाई को संग्रहण केंद्र बिरिंगपाल का औचक निरीक्षण किया जिसमें निरीक्षण के दौरान संग्रहण केंद्र में धान के उचित रखरखाव तथा आकस्मिक वर्षा  से बचाव हेतु समुचित उपाय नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त कर खाद विभाग को संग्रहण केंद्र के जांच हेतु निर्देशित किया गया।

खाद विभाग के द्वारा संग्रहण केंद्र के जांच में संग्रहण केंद्र बिरिंगपाल में धान मे समुचित रखरखाव शासन की जारी निर्देशानुसार नहीं पाया गया संग्रहण केंद्र में रखे धान स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। भौतिक सत्यापन मे कुल 2515 बोरी धान की कमी पाई गई संग्रहण केंद्र मे मिलरो का धान का परिदान एफआईएफओ के अनुसार नहीं किया जाना पाया गया।

टीम के द्वारा जांच कर संग्रहण केंद्र के विरुद्ध कार्रवाई हेतु जांच प्रतिवेदन कलेक्टर खाद्य शाखा में प्रस्तुत किया गया है। धान संग्रहण केंद्र बिरिंगपाल में अनियमितता एवं धान के रखरखाव में लापरवाही के लिए जिला विपणन अधिकारी विनीता चौरासे तथा धान संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रकाशपुरी गोस्वामी को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर जवाब मांगा गया है।


अन्य पोस्ट