बस्तर

ढाई साल में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार के गर्त में ढकेला- शिवरतन
09-Jul-2021 9:05 PM
ढाई साल में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार के गर्त में ढकेला- शिवरतन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 9 जुलाई। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व बस्तर संभाग प्रभारी शिवरतन शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की एकमात्र उपलब्धि है कि उसने समूचे छत्तीसगढ़ प्रदेश को भ्रष्टाचार की गर्त में ढकेल दिया है। विकास के काम ठप पड़े हैं। भाजपा के 15 साल के शासन की योजनाओं व कार्यों का क्रियान्वयन ही हो रहा है। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि कोरोना काल में गरीबों को राहत देने चलायी जा रही केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के राशन में हेराफेरी व गड़बड़ी करने से मौजूदा सरकार बाज नहीं आ रही है।

भाजपा जिला कार्यालय में आज पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा कोरोना संकट से जूझ रहे देश के 80 करोड़ गरीब परिवारों के लिए मई से नवम्बर माह तक नि:शुल्क चावल वितरण की व्यवस्था की गयी है। जिसमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अन्त्योदय व बीपीएल कार्डधारियों को मिलने वाली राशन सामग्री के नियमों में ही फेरबदल कर दिया है। जिससे छत्तीसगढ़ के अनेक गरीब परिवारों को केन्द्र से मिलने वाली नि:शुल्क राशन सामग्री नहीं मिल पा रही है और गरीबों के राशन में बड़ी हेराफेरी की जा रही है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने बजाय नये कार्य करने के पुरानी संस्थाओं का नाम बदलने नयी परम्परा आरंभ की है। भाजपा के 15 साल शासन काल में बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए पहला मेडिकल कॉलेज खोला गया। जिसका नामकरण स्व. बलीराम कश्यप चिकित्सा महाविद्यालय रखा गया। कांग्रेस ने अपनी संकीर्ण सोच दिखाते हुए मेडिकल कॉलेज का नाम परिवर्तित कर दिया। नाम बदलने के खेल में बस्तर अंचल के नाम को ही विलोपित करने का निंदनीय कदम कांग्रेस सरकार ने उठाया। बस्तर में उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करने भाजपा शासन में खोले गये बस्तर विश्वविद्यालय का नाम बदलने में कांग्रेस सरकार ने परहेज नहीं किया। जिसका भारतीय जनता पार्टी विरोध करती है।

श्री शर्मा ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए मौजूदा प्रदेश सरकार राजधानी से लेकर बस्तर तक दमन व प्रताडऩा की राजनीति कर रही है। टूलकिट मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ0 रमन सिंह के नाम एफ.आई.आर. दर्ज करवायी गयी। वहीं बस्तर में भाजपा के संभागीय कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी करते हुए हमला किया। यह घटना शर्मनाक व निंदनीय है। भाजपा ने इस घटना की शिकायत बस्तर एस.पी. से की है। जिस पर यथायोग्य कार्यवाही नहीं होने पर भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि कोरोना संकट के भयावह काल में प्रदेश कांग्रेस सरकार राजनीति में व्यस्त रही। छत्तीसगढ़ को जनवरी में केन्द्र सरकार से मिली जीवनरक्षक वैक्सीन को प्रदेश सरकार ने लेने से इंकार कर दिया था, जिससे जनता में वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थितियां निर्मित हुयी। कोरोना से होने वाले मौत के आकड़ों को भी छिपाया जा रहा है। 08 जुलाई को राज्य सरकार द्वारा जारी व बस्तर जिला प्रशासन द्वारा जारी कोरोना रिपोर्ट बुलेटिन में 30 मौतों का अन्तर है। वहीं भाजपा कोरोना काल में जनता के दुख दर्द बांटने व उन्हें राहत देने निरंतर कार्य कर रही है।

आज पत्रवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा अजजा मोर्चा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री किरण सिंह देव, प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप, बस्तर जिला प्रभारी लोकेश कावडिय़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, डॉ0 सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, बैदुराम कश्यप, लच्छूराम कश्यप, समुंदसाय कच्छ, वेदवती कश्यप, मनीराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी, दीप्ति पाण्डे, योगेन्द्र पाण्डे, श्रीनिवास मिश्रा, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डे, रजनीश पानीग्राही, नरसिंह राव, सुरेश गुप्ता, संजय पाण्डे, आलोक अवस्थी, मनोहर दत्त तिवारी, राकेश तिवारी, पंकज आचार्य, तेजपाल शर्मा, आंनद झा आदि सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट