बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 11 फरवरी। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मादर में रात को एक किराना दुकान में आग लगने की सूचना मिली। इस घटना में दुकान में रखा किराना सामान और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैगा ने बताया कि ग्राम मादर निवासी लालाराम पटेल के घर में संचालित किराना दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ एवं फायर टीम को अवगत कराया गया। टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। थाना प्रभारी के अनुसार आग लगने के दौरान दुकान के भीतर एक विस्फोट जैसी आवाज भी सुनाई दी। आग बुझाने के बाद की गई जांच के दौरान घटनास्थल से एक गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। मामले से संबंधित अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूर्ण होने के बाद की जाएगी।


