बस्तर

सर्व आदिवासी समाज ने रानी दुर्गावती का शहादत दिवस मनाया
24-Jun-2021 9:10 PM
सर्व आदिवासी समाज ने रानी दुर्गावती  का शहादत दिवस मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 24 जून।
सर्व आदिवासी समाज बस्तर ने लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के टाकरागुड़ा में रानी दुर्गावती शहादत दिवस मनाया। रानी दुर्गावती मंडावी के शहादत दिवस पर युवा प्रभाग के द्वारा फलदार और छायादार पौधारोपण किया गया। 

इस दौरान युवा प्रभाग ब्लॉक अध्यक्ष बसन्त कश्यप ने कहा कि रानी दुर्गावती मंडावी गढ़ मंडला की रानी थी, हमारे गोंडवाना साम्राज्य की प्रतीक थी, आन-बान और शान थी।  उन्होंने अपने शौर्य बल और प्रतीक से अकबर की सेना को खदेड़ दिया था। वीरांगना रानी दुर्गावती बहुत ही साहसी रानी थी, जिन्होंने अपने पति के मृत्यु के बाद पूरे राज्य को संभाला और अपने राज्य के रक्षा के लिए कई लड़ाई भी लड़ी और उन्होंने लगभग 15 साल तक गोंडवाना साम्राज्य में शासन किया।

युवा प्रभाग जिला अध्यक्ष सन्तु मौर्य ने बताया कि दुर्गावती का जन्म 1524 में हुआ था, उनका राज्य गोंडवाना में था। वे कलिंजर के राजा कीर्तिसिंह चंदेल की एकमात्र संतान थीं। दुर्गावती के पति दलपत शाह का मध्यप्रदेश के गोंडवाना क्षेत्र में रहने वाले गोंड वंशजों के 4 राज्यों, गढ़मंडला, देवगढ़, चंदा और खेरला, में से गढ़मंडला पर अधिकार था।  रानी दुर्गावती से विवाह के 4 वर्ष बाद ही राजा दलपतशाह का निधन हो गया। पति के निधन के समय दुर्गावती का पुत्र नारायण 3 वर्ष का ही था अत: रानी को स्वयं ही गढ़मंडला का शासन संभालना पड़ा। वर्तमान जबलपुर उनके राज्य का केंद्र था। रानी ने 16 साल तक इस क्षेत्र में शासन किया और एक कुशल प्रशासक की अपनी छवि निर्मित की, लेकिन उनके पराक्रम और शौर्य के चर्चे ज्यादा थे।


जिला उपाध्यक्ष भरत कश्यप ने कहा कि रानी दुर्गावती की तरह नारी शक्ति व समाज युवाओं को अपने हक अधिकार की रक्षा और अपने समाज के लिए लड़ाई लडऩा है। 

आदिवासी युवा छात्र संगठन ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत कश्यप ने बताया कि रानी को जबलपुर के पास जहां यह ऐतिहासिक युद्ध हुआ था, उस स्थान का नाम बरेला है। मंडला रोड पर स्थित रानी की समाधि बनी है, जहां गोण्ड जनजाति के लोग अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। रानी के ही नाम पर जबलपुर में स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय रखा गया है।

इस दौरान सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष गंगा नाग, हिडमो मंडावी, बंगाराम बघेल,कमल नाग, युवा प्रभाग जिलाध्यक्ष-सन्तु मौर्य, जिला उपाध्यक्ष भरत कश्यप,रामु कश्यप, उमाकांत नेताम, खगेश कश्यप,बसन्त कश्यप, महेंद्र मंडावी,पूरन सिंह कश्यप, कुलेश्वर रात्रे,सुंदरलाल नाग लछिन नाग,फाल्गुनी मौर्य, प्रशान्त कश्यप, अनिल बघेल, हेमलाल, अनिल कश्यप, दुलारू बघेल,सनत, मिथलेश, लक्ष्मण बघेल,जमुना कश्यप आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट