बस्तर

शिक्षा, प्रकृति और नवाचार का संदेश ले नेपाल पहुंची 36गढ़ की 30 सदस्यीय टीम
25-Nov-2026 11:14 PM
शिक्षा, प्रकृति और नवाचार का संदेश ले नेपाल पहुंची 36गढ़ की 30 सदस्यीय टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 नवंबर। शिक्षा को किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रकृति, विज्ञान और वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोडऩे के उद्देश्य से प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ की 30 सदस्यीय टीम इन दिनों नेपाल के प्रमुख प्राकृतिक, पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कर रही है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिमालय की भौगोलिक संरचना, जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत का प्रत्यक्ष अध्ययन करना है।

यात्रा के दौरान टीम ने नेपाल के पोखरा स्थित प्रसिद्ध फेवा झील, ताल बाराही मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव गुफा, देवीस फॉल्स और सरांगकोट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। इन स्थानों पर पर्वतीय भू-आकृति, जल संसाधन, प्राकृतिक जल निकासी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन किया जा रहा है। वहीं काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर, स्वयंभूनाथ स्तूप, बौद्धनाथ स्तूप तथा भक्तपुर और पाटन की ऐतिहासिक धरोहरों के माध्यम से नेपाल की सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत को समझा जा रहा है। चितवन क्षेत्र में जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और तराई के पारिस्थितिक तंत्र का अध्ययन भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दल में शामिल शिक्षक, विज्ञान संचारक और प्रकृति प्रेमी विभिन्न स्थलों की जलवायु, मिट्टी, वनस्पति, जल स्रोतों और भौगोलिक परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर रहे हैं। यात्रा से प्राप्त जानकारियों और अनुभवों को विद्यालयों, विद्यार्थियों तथा समाज तक पहुंचाने की योजना है, जिससे नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति जिज्ञासा, पर्यावरण संरक्षण की भावना और वैज्ञानिक सोच विकसित हो सके।

संस्था के सचिव भुनेश्वर मरकाम ने बताया कि यात्रा के दौरान एकत्रित जानकारियों, छायाचित्रों और अनुभवों को शैक्षिक गतिविधियों, समाचार लेखों, व्याख्यानों और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से साझा किया जाएगा। वहीं यात्रा संयोजक लखन लाल साहू ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षाओं और पुस्तकों तक सीमित नहीं है। पर्वत, नदियां, झीलें, जंगल और ऐतिहासिक धरोहरें भी ज्ञान के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से विद्यार्थी प्रकृति और विज्ञान को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। यह अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक अभियान भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक मैत्री को मजबूत करने के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता की सुरक्षा का संदेश भी दे रहा है।


अन्य पोस्ट