बस्तर
जगदलपुर, 11 नवंबर। दूरस्थ अंचलों के युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोडऩे के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के सहयोग से विशेष करियर मार्गदर्शन अभियान चलाया। कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के करीब 800 विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित करना था। इसमें पारंपरिक काउंसलिंग के बजाय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ खुली चर्चा और तार्किक संवाद के माध्यम से करियर की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। छात्रों को सामाजिक दबाव और दूसरों की देखा-देखी निर्णय लेने के बजाय अपनी रुचि के अनुसार भविष्य तय करने की सलाह दी गई।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में विज्ञान, कला और मानविकी के स्नातक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही ट्यूशन फीस और छात्रावास खर्च वहन करने वाली पूर्ण छात्रवृत्ति योजनाओं से भी अवगत कराया गया, ताकि आर्थिक परेशानी उनकी उच्च शिक्षा में बाधा न बने। कॉलेज के विद्यार्थियों को सामाजिक क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराया गया। उन्हें जन स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों, जरूरी कौशल, अध्ययन सामग्री और प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी दी गई।