बस्तर
किसान-मजदूरों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उठाई मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 अक्टूबर। जिला बस्तर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत, जिला बस्तर के पदाधिकारियों ने आज जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और वाहन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था को समझा तथा संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने कहा कि शिक्षा, छात्रावास, आश्रम शालाओं और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की तरह स्वास्थ्य सेवाओं पर भी निगरानी रखना जरूरी है। बस्तर जिले के किसान, मजदूर और गरीब परिवार बेहतर इलाज के हकदार हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण किसी भी व्यक्ति को उचित उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए। संगठन ने जरूरतमंद मरीजों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने कहा कि संगठन जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहेगा। उन्होंने कहा, किसान और मजदूर केवल खेती और मजदूरी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके परिवारों को भी बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना जरूरी है। महारानी अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों से संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर उपचार मिल सके।
निरीक्षण कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, जिला अध्यक्ष रमेश गोयल, जिला उपाध्यक्ष मानसिंह नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, संगठन मंत्री जगन्नाथ देवांगन, जिला प्रवक्ता कृष्ण कुमार पांडे सहित अन्य किसान साथी उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत, जिला बस्तर ने स्पष्ट किया कि किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए संगठन आगे भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। संगठन ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार निगरानी रखने और संबंधित अधिकारियों के साथ संवाद कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही।