बस्तर

पौैने 2 लाख की नशीली टैबलेट जब्त, एक बंदी
07-Oct-2026 11:17 PM
पौैने 2 लाख की नशीली टैबलेट जब्त, एक बंदी

जगदलपुर, 7 अक्टूबर। बस्तर जिले की बोधघाट पुलिस ने आज एक युवक को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 450  टैबलेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार बुधवार की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 20-25 वर्ष का एक युवक, काले रंग का कपड़ा और नीले रंग की पैंट पहने हुए, पीले रंग के कैरी बैग में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट रखकर गंगामुंडा तालाब स्थित चौपाटी में ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तत्काल गंगामुंडा तालाब स्थित चौपाटी पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल मंडावी जगदलपुर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में रखे पीले रंग के कैरी बैग से 450 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, टैबलेट रखने, परिवहन और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने नशीली टैबलेट को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एडीपीएस  न्यायालय, जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट