बस्तर

ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाला महाराष्ट्र का गिरोह गिरफ्तार
07-Oct-2026 12:00 AM
ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाला महाराष्ट्र का गिरोह गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 6 अक्टूबर। बस्तर पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चोरी करने वाले महाराष्ट्र के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बेचने से प्राप्त 20,000 की शेष रकम और 5 मोबाइल फोन, कुल करीब 50,000 का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को प्रार्थी सतीश सूर्यवंशी अपनी ज्वेलरी दुकान बंद करने से पहले सोने-चांदी के आभूषणों का मिलान कर रहे थे। इस दौरान सोने के आभूषणों के वजन में करीब 11.500 ग्राम की कमी पाई गई। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि शाम करीब 5.09 बजे से 5.20 बजे के बीच दो महिलाएं और दो पुरुष दुकान में पहुंचे थे।

सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं द्वारा भीड़ का फायदा उठाकर सोने के कान में पहनने वाले सुई-धागा आभूषण को चोरी कर दूसरी महिला को देने की बात सामने आई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के फोटो और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद महाराष्ट्र के अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचने और उससे प्राप्त रकम को आपस में बांटने की बात भी कबूल की।

पांच आरोपी गिरफ्तार पृथ्वीराज चौहान, रेखा चौहान, चेतन भाटी, संदीप गौड़, जयश्री शैलके किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20,000 नकद और 5 मोबाइल फोन, कुल करीब 50,000 का मशरूका विधिवत जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे तथा संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।—-

 


अन्य पोस्ट