बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में राजीव भवन में सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद सिरहासार स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग, सेवा, स्वच्छता, समानता और सामाजिक समरसता के विचारों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी का जीवन केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण, भाईचारे और समानता का संदेश दिया।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि महात्मा गांधी देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। उन्होंने अपना जीवन देश और समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। गांधी जी का सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाना होना चाहिए। गांधी जी के विचार कांग्रेस संगठन के लिए सदैव प्रेरणादायी रहे हैं।
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने गांधी जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा किया और करोड़ों भारतीयों को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
वहीं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना आधार बनाकर देश को स्वतंत्रता की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई तथा गरीब, किसान, मजदूर और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। गांधी जी का ग्राम स्वराज, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का विचार आज भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने गांधी जी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और उनके त्याग को स्मरण करते हुए सामाजिक सद्भाव, एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, रविशंकर तिवारी, हनुमान द्विवेदी, अंगद त्रिपाठी, एस. नीला, मोहसिन खान, सलीम अली, पापिया गाईन, अंजना नाग, निर्मल लोढ़ा, भुवन झा, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, कमलेश पाठक, शुभम मिश्रा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।