बस्तर

बस्तर में आई बाढ़ पर सांसद महेश कश्यप की पहल
03-Oct-2026 9:04 PM
बस्तर में आई बाढ़ पर सांसद महेश कश्यप की पहल

केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता व दीर्घकालिक समाधान की मांग

जगदलपुर, 3 अक्टूबर। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण हुई अतिवृष्टि तथा ओडिशा के खातीगुड़ा बांध से छोड़े गए पानी से बस्तर संभाग (बस्तर, सुकमा और बीजापुर) में आई बाढ़ पर चिंता व्यक्त की है। प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा जल शक्ति मंत्रालय को पत्र भेजकर विशेष आर्थिक सहायता एवं दीर्घकालिक समाधान की मांग की है।

सांसद ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से कुल 500 करोड़ की विशेष वित्तीय सहायता स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। इसमें बस्तर जिले के लिए 300 करोड़, सुकमा जिले के लिए 100 करोड़ और बीजापुर जिले के लिए 100 करोड़ की राशि शामिल है।

राहत व मुआवजा: बाढ़ से तबाह खरीफ फसलों का आकलन कर किसानों को प्रति एकड़ विशेष राहत राशि दी जाए। क्षतिग्रस्त मकानों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल नया मकान व आजीविका सहायता स्वीकृत की जाए।

पशुधन और छोटे दुकानदारों के नुकसान का मुआवजा सीधे डीबीटी के माध्यम से दिया जाए। जोरा नाला पर स्वचालित व गेटेड कंट्रोल स्ट्रक्चर का निर्माण।

केंद्रीय जल आयोग के मार्गदर्शन में इंद्रावती नदी के तल से गाद हटाने के लिए ड्रेजिंग प्रोजेक्ट और जलागम क्षेत्रों में पौधारोपण/मृदा संरक्षण। जगदलपुर शहर के लिए अमृत योजना के तहत एकीकृत स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज तथा नदी तटों पर पक्के गाइड बांध का निर्माण।

खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में 24 से 48 घंटे पूर्व सूचना हेतु केंद्रीय जल आयोग की मध्यस्थता में रियल टाइम डेटा शेयरिंग एवं ऑटोमेटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम की स्थापना। जमीनी सत्यापन के लिए बस्तर में एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम भेजने तथा विशेष राहत पैकेज स्वीकृत करने का आग्रह।


अन्य पोस्ट