बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 2 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को जगदलपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई तथा बस्तर में आई बाढ़ के प्रबंधन को लेकर निशाना साधा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, प्रवक्ता जावेद खान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दीपक बैज ने कमर्शियल सिलेंडरों के दामों में हुई बढ़ोतरी (62.50 रुपये से 71.50 रुपये तक) की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों में हुई लगातार मूल्य वृद्धि का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, दैनिक खाद्य पदार्थों और स्थानीय लौह उद्योगों पर पड़ रहा है।
बस्तर संभाग में लगातार दूसरे वर्ष आई भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे को औपचारिक करार दिया। उन्होंने ओडिशा से बांध का पानी छोड़े जाने के बाद बने हालात पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रमुख मांगें: पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 5 लाख रुपये और आंशिक क्षति पर 1 लाख रुपये दिए जाएं। फसल नुकसान का उचित मुआवजा, प्रभावित किसानों का कर्ज माफ और पशुधन क्षति का बाजार मूल्य के अनुसार भुगतान हो।
घरेलू सामान के नुकसान का मुआवजा, दो माह का नि:शुल्क राशन, स्कूली बच्चों को सामग्री वितरण और दस्तावेज बनाने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण रोकने के लिए मेडिकल कैंप और क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया तथा बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा।