बस्तर

सैनिक सम्मेलन में बस्तर संभाग के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान
02-Oct-2026 9:48 AM
सैनिक सम्मेलन में बस्तर संभाग के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 1 अक्टूबर। बस्तर कलेक्टोरेट में बुधवार को अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल की अध्यक्षता में जिला सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बस्तर संभाग (जगदलपुर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर) के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने भाग लिया।

 जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर किशोर कुमार हिरवानी ने पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और कल्याण से जुड़े मुद्दे प्रस्तुत किए। इनमें जगदलपुर में सीएसडी कैंटीन के लिए भूमि आवंटन, रोजगार अवसर, शहीद स्मारक का सौंदर्यीकरण और ईसीएचएस चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार शामिल रहा।

अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल ने द्वितीय विश्व युद्ध की वीर नारियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा कैंसर से पीडि़त एक पूर्व सैनिक को राज्य सैनिक बोर्ड की ओर से 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा गया।

रोजगार कार्यालय के उप संचालक जयप्रकाश कौशिक ने पूर्व सैनिकों को नियमानुसार आरक्षण और रोजगार मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

अपर कलेक्टर ने राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके पुनर्वास, रोजगार और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन एस.के. पांडेय, मानद कैप्टन के.एल. कोस्ता, वारंट ऑफिसर जगदीश राय सहित कई सैन्य अधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संचालन हवलदार सुब्रत साहा ने किया।


अन्य पोस्ट