बस्तर
देर रात तक प्रभावितों तक पहुंचाई जा रही खाद्य सामग्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 सितंबर। बस्तर में लगातार हुई भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न विषम परिस्थितियों के बीच बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर का सेवा एवं राहत कार्य लगातार जारी है। संकट की इस घड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें आवश्यक खाद्य सामग्री एवं भोजन उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में लगातार भोजन तैयार किया जा रहा है, जिसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाकर जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया जा रहा है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य स्वयं राहत कार्यों की निगरानी करते हुए अपनी टीम के साथ खाद्य सामग्री तैयार कराने से लेकर उसके वितरण की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीमें जरूरतमंद परिवारों तक भोजन एवं आवश्यक सामग्री पहुंचाने का कार्य लगातार कर रही हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में महिला कांग्रेस की समस्त पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी लेने, भोजन वितरण तथा अन्य राहत कार्यों में सहयोग कर रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्रवार जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि संकट में फंसे लोगों के साथ खड़े होने और उनकी मदद करने का है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बस्तर जिला कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ मैदान में मौजूद है। जब तक परिस्थितियां सामान्य नहीं होतीं, तब तक कांग्रेस परिवार सेवा और राहत कार्यों में पूरी मजबूती के साथ जुटा रहेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों को अपना परिवार मानकर उनकी मदद कर रहा है। भोजन तैयार करने से लेकर उसे प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को उपलब्ध कराने तक कार्यकर्ताओं की टीमें लगातार सक्रिय हैं।
बस्तर जिला कांग्रेस परिवार ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। राहत, सेवा और सहयोग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में भोजन एवं खाद्य सामग्री पहुंचाने का कार्य आगे भी किया जाएगा।