बस्तर
दूरस्थ गांवों में पहुंचकर स्कूल, आंगनबाड़ी व आश्रमशालाओं का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर / सुकमा, 24 सितंबर। सुकमा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अधिवक्ता दीपिका शोरी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों का धुआंधार दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। बारिश के बावजूद उन्होंने डोलेरास, कुन्दनपाल, भण्डाररास, पतिनाइकरास, रोकेल, छूरागट्टा, पाकेला, नीलावरम, किंदरवाड़ा सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान दीपिका शोरी ने विशेष रूप से स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आश्रमशालाओं का निरीक्षण करते हुए बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं को लेकर संबंधित जिम्मेदारों से चर्चा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों तथा आश्रम-छात्रावास अधीक्षकों से कहा कि लगातार बारिश के कारण बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बारिश के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन की गुणवत्ता तथा परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही बच्चों में बीमारी के किसी भी लक्षण की स्थिति में तत्काल आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए।
दीपिका शोरी ने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बारिश के दौरान आवागमन और मौसम संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल एवं आश्रमशालाओं में बच्चों की सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाना आवश्यक है।
जिले के जगह-जगह जनसमस्याओं का जायजा लेते हुए किए श्री गणेश के दर्शन
दौरे के दौरान जिले के एक छोर से लेकर दूसरे छोर तक जन समस्याओं का जायजा लेते हुए दीपिका शोरी ने विभिन्न गांवों में श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित गणेश उत्सव में भी सहभागिता की। उन्होंने डोलेरास, कुन्दनपाल, भण्डाररास, पतिनाइकरास, रोकेल, छूरागट्टा, पाकेला, नीलावरम, किंदरवाड़ा,चिपुरपाल,सौतनार,कोकावाड़ा, जांगरपाल, बकुलाघाट,कोंटा,कूकानार, उरमापाल, सहित विभिन्न स्थानों पर स्कूल,आश्रम शाला, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति उनकी मौसमी बीमारी आदि से उनकी उचित देखभाल एवं अन्य जनसमस्याओं को देखते हुए उसके निदान हेतु जिम्मेदारों को निर्देश देते हुए उन स्थानों पर विराजमान श्री गणेश जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
उन्होंने भगवान श्री गणेश से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। ग्रामीणों और गणेश उत्सव समितियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत भी किया गया।
लगातार बारिश के बीच भी गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करने और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के साथ-साथ शिक्षा एवं बाल स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी लेने को लेकर ग्रामीणों ने दीपिका शोरी के दौरे को सराहा।
दीपिका शोरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहल करना उनकी प्राथमिकता है। बारिश हो या अन्य परिस्थितियां, जनहित से जुड़े विषयों पर जमीनी स्तर तक पहुंचना आवश्यक है।