बस्तर
सडक़ पर उतरे मोहल्लेवासी, शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 सितंबर। नया बस स्टैंड क्षेत्र में शराब दुकान के आसपास एक बार फिर खूनी वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार रात मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में शांति नगर निवासी कैलाश उर्फ मोनू गुप्ता की मौत के बाद सोमवार को क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार दूसरी हत्या की घटना से आक्रोशित मोहल्लेवासी शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
मोनू गुप्ता नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के बाजू में संचालित वेल्डिंग दुकान में काम करता था। रविवार रात वह गंभीर रूप से घायल मिला। चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल मोनू को महारानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना ने इसलिए भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि नया बस स्टैंड स्थित इसी शराब दुकान के आसपास पहले भी हत्या की वारदात हो चुकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नेंगीगुड़ा निवासी अमीन की भी इसी क्षेत्र में हत्या हुई थी। बताया जाता है कि उस मामले में आरोपी करीब दो वर्ष बाद बरी हो गए थे। अब उसी इलाके में एक और युवक की हत्या ने लोगों को झकझोर दिया है।
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार घटना से पहले दो नाबालिग लडक़े मोनू के घर पहुंचे थे। दोनों उसे घर से बाहर बुलाकर कुछ दूर ले गए। इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढऩे पर चाकू से मोनू पर हमला किया गया। हमले के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस रिपोर्ट के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग मेटगुड़ा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है, जबकि दूसरे की भूमिका और तलाश को लेकर जांच जारी है। घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मोनू गुप्ता की मौत के दूसरे दिन क्षेत्रवासियों ने शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक गतिविधियों और विवाद की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखने की मांग की।
धरने के दौरान लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी कि एक ही क्षेत्र में पहले हत्या और अब दोबारा हत्या जैसी घटना सामने आ गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों से जुटाए जा रहे सुराग
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।