बस्तर
डिप्टी सीएम साव, मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने रोपे पौधे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 सितंबर। नगर पालिक निगम जगदलपुर, वन विभाग तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 10 सितंबर को कुम्हड़ाकोट स्थित जनजातीय गौरव वाटिका के समक्ष ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा अध्यक्ष वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप थे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पोला पर्व की बधाई देते हुए नगरीय क्षेत्र में पौधारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में अधोसंरचना विस्तार, विकास कार्यों और हर घर जल योजना के लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। तत्पश्चात अतिथियों ने वाटिका परिसर में पौधे रोपे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि वन विभाग के माध्यम से प्रदेश भर में साढ़े सात करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, मेडिकल कॉलेजों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण संबंधी विकास कार्यों का उल्लेख किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महारानी अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में जांचें नि:शुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज में प्राध्यापकों की पदस्थापना पूर्ण होने तथा कांकेर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने की बात कही।
मुख्य वन संरक्षक स्टाइलो मंडावी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 3,000 रनिंग मीटर मीडियन में टेकोमा, बोगनवेलिया और कनेर प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। सिटी फॉरेस्ट एवं किसान वृक्ष मित्र योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 38,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है।
कार्यक्रम में विधायक विनायक गोयल, महापौर संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, संभागायुक्त डोमन सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।