बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 सितंबर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा बस्तर के सद्भावना भवन में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम 10 सितंबर को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नशामुक्ति, संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
ब्रह्माकुमारी मंजूषा बहन ने नशे से बचाव के लिए ध्यान, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच पर विशेष सत्र लिया तथा विद्यार्थियों के लिए ध्यान सत्र आयोजित किया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बस्तर के प्राचार्य चंद्रभान मिश्रा ने नशामुक्ति हेतु व्यक्तिगत और सामाजिक जागरूकता पर बल दिया।
विद्यालय व महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त गीत, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में चित्रों और संदेशों के माध्यम से नशामुक्ति, संतुलित आहार और स्वच्छता से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत महिलाओं एवं नागरिकों को पौष्टिक आहार अपनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्ति की शपथ, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसमें विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।