बस्तर

कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह आंदोलन
05-Sep-2026 9:27 PM
कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह आंदोलन

जगदलपुर, 5 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय सिरहासर चौक में केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की साय सरकार की जनविरोधी नीतियों, आसमान छूती महंगाई तथा चीनी (शक्कर) की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के द्वारा एकदिवसीय विशाल चीनी सत्याग्रह आंदोलन किया गया।

 इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए और चीनी की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने तथा महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, रामशंकर राव, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, गौरनाथ नाग, जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, लेखन बघेल, वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अमरनाथ सिंह, अल्ताफ उल्ला खान, सुभाष गुलाटी, नीतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी, संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, महादेव नाग, सहदेव नाग, अनवर खान, लखेश्वर कश्यप, संजय पाणिग्रही, अपर्णा बाजपेयी, शहनाज बेगम, विजेन्द्र ठाकुर, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, महेश ठाकुर,  आदि मौजूद रहे।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में भाजपा की सरकार आई है, तब से आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत राशन की दुकानों पर चीनी उपलब्ध नहीं है, जिससे गरीब लोगों को इसे खुले बाजार से अधिक कीमत पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बस्तर संभाग में चना और गुड़ जैसी वस्तुएं भी महीनों से उपलब्ध न होने का आरोप लगाया गया।

सुशील मौर्य ने आगे कहा-भाजपा सरकार ने आम आदमी और गरीब परिवार की थाली से मिठास छीन ली है। त्योहारों के इस मौसम में चीनी की कीमतें बढ़ाकर सरकार ने जनता की जेब पर डाका डाला है। बस्तर कांग्रेस आम जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां हमेशा से गरीब विरोधी और चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली रही हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ गन्ने का उचित मूल्य न मिलने से देश और प्रदेश का किसान बदहाल है, वहीं दूसरी तरफ बाजार में चीनी के दाम लगातार बढ़ाकर काला बाजारियों और जमाखोरों को खुली छूट दी जा रही है। भाजपा सरकार की इस गलत आर्थिक नीति के कारण ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि महंगाई केवल किसी एक वस्तु की कीमत बढऩे का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव आम परिवारों के पूरे घरेलू बजट पर पड़ता है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आज का यह च्चीनी सत्याग्रहज् केवल एक सांकेतिक आंदोलन है, यदि सरकार ने जल्द ही बढ़ी हुई कीमतों को नियंत्रित नहीं किया और महंगाई पर लगाम नहीं कसी तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।


अन्य पोस्ट