बस्तर

सीआरपीएफ 131वीं बटालियन दोरनापाल में हर्षोल्लास से मनाई श्री कृष्ण जन्माष्टमी
04-Sep-2026 8:41 PM
सीआरपीएफ 131वीं बटालियन दोरनापाल में हर्षोल्लास से मनाई  श्री कृष्ण जन्माष्टमी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर/सुकमा, 4 सितम्बर।
131 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) दोरनापाल में जवानों एवं स्थानीय स्कूलों के छात्रों ने मिलकर श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत उत्साह, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट-131 बटालियन  दीपक कुमार साहू के दिशा-निर्देशन एवं उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के भजनों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इस अवसर पर समवाय परिसर को फूलों से आकर्षक एवं भव्य रूप में सजाया गया था। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में जवानों तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बालक आश्रम कारिगुंडम, बालक आश्रम डव्वा कोन्टा मिनपा, बालक आश्रम नागरम एवं बालक आश्रम दोरनापाल के स्कूली छात्रों सहित जवानों ने एक साथ सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन ने बल एवं स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास, अपनत्व एवं भाईचारे की भावना को और मजबूत किया। साथ ही, बच्चों में राष्ट्र एवं सुरक्षा बलों के प्रति सकारात्मक भावनाएं विकसित करने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।


अन्य पोस्ट