बस्तर

डेढ़ लाख की नशीली दवा जब्त, एक बंदी
29-Aug-2026 10:19 PM
डेढ़ लाख की नशीली दवा जब्त, एक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 29 अगस्त। बस्तर जिले की बोधघाट थाना पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टैबलेट का परिवहन कर बिक्री करने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 420 टैबलेट (28 पत्ते) बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 20-21 वर्ष का एक युवक हरे रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने हुए स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से अड़ावाल के रास्ते जगदलपुर की तरफ नशीली टैबलेट लेकर आ रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस अफसरों के निर्देशन, बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने ओडिशा रोड स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप के पास एमसीपी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक और वाहन को रोका।

पूछताछ में युवक की पहचान बादल नाग उर्फ टिन्नी जगदलपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखे झोले से 28 पत्तियों में कुल 420 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा एक ओप्पो  टच स्क्रीन मोबाइल और स्प्लेंडर  प्लस  मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 17 केयू 6721 भी जब्त की गई।

पुलिस ने बताया कि बरामद नशीली टैबलेट के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस  न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में 1.68 लाख रुपये की नशीली टैबलेट, करीब 10 हजार रुपये का मोबाइल और करीब 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, कुल 2.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।


अन्य पोस्ट