बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत मंगलवार को स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल, जगदलपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जगदलपुर शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई, अधिष्ठाता डॉ. प्रदीप बेक तथा संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि साइबर जनजागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क करना है। वर्तमान डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से अधिकांश आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर साइबर अपराधी मोबाइल, बैंक खाते, सोशल मीडिया अकाउंट और निजी जानकारी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय जागरूक और सतर्क रहना है। साइबर अपराधी ओ.टी.पी हासिल करने, फर्जी लिंक भेजने और अन्य तरीकों से लोगों की निजी एवं वित्तीय जानकारी प्राप्त कर ठगी करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना आवश्यक है।