बस्तर
बस्तर और जगदलपुर थानों में आत्मीयता के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एकल अभियान संच जगदलपुर एवं बस्तर के तत्वावधान में पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा, सम्मान और भाईचारे के साथ मनाया गया। एकल अभियान की आचार्य एवं समिति की बहनों ने थाना बस्तर तथा थाना जगदलपुर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधी और उनके सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
जगदलपुर के बोधघाट पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एकल अभियान की आचार्य बहनों ने पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बहनों ने पुलिस जवानों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और समाज की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
पुलिस जवानों ने भी इस आत्मीय पहल की सराहना करते हुए एकल अभियान की बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ समाज और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आपसी विश्वास एवं सम्मान का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर एकल अभियान के अंचल से महिला समिति की दीदियां भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास, सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है।
एकल अभियान द्वारा पुलिस थानों में पहुंचकर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने की यह पहल पुलिस परिवार और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने वाली रही। कार्यक्रम ने सेवा, सुरक्षा और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संदेश दिया।