बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 अगस्त। बस्तर जिले के घोटिया थाना क्षेत्र के सुधापाल नाले में आज सुबह एक 6 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। इसकी सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं बच्चे की मौत की खबर का पता चलते ही परिजन मौके पर आ पहुँचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए घोटिया थाना प्रभारी वेदलाल नाग ने बताया कि सुधापाल निवासी लखेश्वर मौर्य 19 अगस्त की सुबह अपने मोहल्ले के कुछ बच्चों के साथ खेलने के लिए निकला हुआ था। उसके बाद से बच्चा लौटकर वापस नहीं आया। काफी देर तक बच्चे के घर नहीं आने पर परिवार के लोग उसकी खोजबीन के लिए निकल गए। दिनभर नहीं दिखने पर परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी थाने में दी। जहाँ से लगातार बच्चे की खोजबीन शुरू कर दिया गया। दो दिन बाद आज सुबह करीब 10 बजे गाँव के कुछ लोग जब नाले में पहुँचे तो शव को देखा गया। लोगों ने इसकी जानकारी थाने में दी। बच्चे की शिनाख्त लखेश्वर मौर्य के रूप में किया गया।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए लोहंडीगुड़ा अस्पताल भिजवाया गया है। जहाँ पीएम के बाद ही मामले का खुलासा होगा कि बच्चे की मौत की वजह क्या है। वहीं परिजनों में शोक की लहर है।