बस्तर

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का डोर-टू-डोर अभियान तेज
21-Aug-2026 11:07 PM
स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का डोर-टू-डोर अभियान तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 21 अगस्त। स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस का जनअभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सूर्यापानी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकमान्य तिलक वार्ड में घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया।

अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और उससे जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं आपत्तियों को दर्ज करते हुए ‘स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन’ भी भरवाए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर अपनी चिंताएं कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं। इस दौरान महामंत्री अमरनाथ सिंह, पार्षद शुभम यदु, पूर्व पार्षद दयाराम कश्यप, राजेंद्र पटवा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर आम उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष और चिंता देखने को मिल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घर-घर पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझेंगे और उन्हें सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं की आवाज को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हित में कांग्रेस पार्टी सरकार के सामने अपनी मांगें रख रही है। उन्होंने बिजली बिल में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुन: बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल का सीधा असर गरीब, मध्यमवर्गीय और सामान्य परिवारों पर पड़ रहा है। महंगाई के दौर में बिजली के बढ़े खर्च से घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।

उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों का आर्थिक बोझ आम जनता पर डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिजली प्रत्येक परिवार की आवश्यक जरूरत है और बिजली दरों एवं बिलों से जुड़े निर्णयों में आम उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को आवेदन के माध्यम से दर्ज कर रहे हैं, ताकि उनकी सामूहिक आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जा सके। मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने की बात भी उन्होंने कही।


अन्य पोस्ट