बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 अगस्त। छत्तीसगढ़ पुलिस की फ्लैगशिप पहल ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बस्तर पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी/शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जगदलपुर में साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा रहे, जबकि बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे, महाविद्यालय के प्राचार्य जैनेंद्र जैन, साइबर रेंज थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव तिवारी तथा कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखने की अपील की गई।अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही विद्यार्थियों को अपने बैंकिंग विवरण, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
ठगी होने पर तुरंत करें 1930 पर शिकायत
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसी घटना होने पर पीडि़त को तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए और साइबर अपराध की सूचना संबंधित साइबर क्राइम पोर्टल अथवा पुलिस को देनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की गई राशि को रोकने अथवा लेन-देन पर तत्काल कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
विद्यार्थियों से किया गया संवाद
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्टिव संवाद भी किया गया। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और उससे बचाव से जुड़े विभिन्न सवाल पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए कहा कि साइबर अपराध की स्थिति में घबराने या घटना को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए। समय पर सूचना देने से पुलिस कार्रवाई को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।