बस्तर

छात्रा से रेप, महिला कांग्रेस ने की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
20-Aug-2026 11:23 PM
छात्रा से रेप, महिला कांग्रेस ने की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 20 अगस्त। शहर के एक आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा के साथ कथित रेप की घटना को लेकर बस्तर जिला महिला कांग्रेस ने छात्राओं की सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बस्तर कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में महिला कांग्रेस ने कहा कि विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्रा के साथ रेप का आरोप सामने आया है। अभिभावक की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला कांग्रेस ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि घटना ने आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

महिला कांग्रेस ने मांग की कि विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की स्वतंत्र विशेषज्ञों अथवा मनोवैज्ञानिकों के माध्यम से गोपनीय काउंसलिंग कराई जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी शिक्षक द्वारा किसी अन्य छात्रा के साथ भी दुर्व्यवहार तो नहीं किया गया।

इसके अलावा विद्यालय परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी रिकॉर्डिंग की नियमित निगरानी करने, विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पृष्ठभूमि और आचरण की जांच कराने तथा महिला उत्पीडऩ निवारण समिति एवं बाल सुरक्षा समिति को सक्रिय करने की मांग की गई।

महिला कांग्रेस ने जिले के सभी आवासीय एवं गैर-आवासीय विद्यालयों में महिला अधिकारियों की टीम द्वारा नियमित एवं औचक सुरक्षा ऑडिट कराने की भी मांग रखी।

महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद ने कहा कि बस्तर की बेटियां सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसके लिए विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

इस दौरान पूर्व सभापति नगर निगम कविता साहू, एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल खंबारी, अपर्णा बाजपेयी, एस. नीला, माही श्रीवास्तव, कमला भतरा, गौरी सहित महिला कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट