बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 18 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी सदर हाजी डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने जामा मस्जिद के सामने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों व उपस्थितजनों को प्रेरणाप्रद आशीर्वचन दिया।
सदर शेख जहीरूद्दीन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल संसद या सरकार में नहीं होता। राष्ट्र निर्माण कक्षा में भी होता है। जब एक विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ता है, सच बोलता है, अनुशासन का पालन करता है, अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करता है, और अपने मित्रों की सहायता करता है, तब वह एक बेहतर भारत की नींव रखता है।
आज के समय में ज्ञान प्राप्त करना पहले से कहीं अधिक आसान है, लेकिन सही और गलत का चुनाव करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। इसलिए अपने समय का सदुपयोग कीजिए, अच्छी पुस्तकों को अपना मित्र बनाइए, तकनीक का उपयोग सीखने के लिए कीजिए और अपने चरित्र को अपनी सबसे बड़ी पहचान बनाइए।
सदर डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने सैनिक,शिक्षक, किसानों के योगदान पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि प्राण की आहुति देने वालों सैनिकों को नमन और देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों को सेल्युट करते हैं,जो हर मौसम, हर कठिनाई और हर चुनौती के बीच हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं।
किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिनकी मेहनत से हमारे घरों तक अन्न पहुँचता है और शिक्षकों को प्रणाम करते हैं जो राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं।
और हम उन सभी नागरिकों का अभिनंदन करते हैं जो ईमानदारी से अपने कर्तव्य निभाकर भारत को आगे बढ़ा रहे हैं।