बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 अगस्त। जगदलपुर शहर के पथरागुड़ा में रहने वाले प्रशिक्षु डीएसपी के गनमैन आरक्षक ने अपने सर्विस राइफल से सोमवार की दोपहर खुद को गोली मार ली। इस घटना से पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। घायल का महारानी अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा के गनमैन के रूप में तैनात विजय जेना (30 वर्ष) अपने घर के पारिवारिक विवाद को लेकर बीते कई दिनों से परेशान चल रहे थे। इसकी जानकारी उसने अपने विभाग के कुछ कर्मचारियों को भी दी थी।
इस विवाद के चलते सोमवार को विजय जेना ने घर में अपने पास रखे इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही परिवार के लोग उसे घायल अवस्था में महारानी अस्पताल ले गए। जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना की पुष्टि करते हुए अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। विजय जेना ने अपने रायफल को कंधे में टिकाकर गोली चला दी। गोली कंधे को छूते हुए बाहर निकल गई। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
फिलहाल गनमैन की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।