बस्तर

हल्द्वानी में शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह
14-Aug-2026 9:43 PM
हल्द्वानी में शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह

भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 14 अगस्त।
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में जगदलपुर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि 21वीं सदी में छुआछूत की सोच बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खडग़े केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ जननेताओं में से एक हैं। उनके कार्यक्रम के बाद स्थल का कथित शुद्धिकरण कराया जाना करोड़ों दलितों, वंचितों और शोषितों के सम्मान पर हमला है। श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि इस घटना से भाजपा और उससे जुड़े संगठनों की कथित भेदभावपूर्ण मानसिकता उजागर हुई है।
उन्होंने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और संबंधित संगठन तथा उन्हें समर्थन देने वाली सरकार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके जाने से किसी स्थान को अशुद्ध मानना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि कथित 'शुद्धिकरणÓ की घटना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और मानव गरिमा में विश्वास रखने वाले करोड़ों नागरिकों का अपमान है। उन्होंने भाजपा और उससे जुड़े संगठनों पर कथित मनुवादी एवं भेदभावपूर्ण मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को कमतर समझना संविधान की समानता की भावना के खिलाफ है।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि भाजपा को दलितों के वोट से प्रेम है, लेकिन दलित समाज के सम्मान और स्वाभिमान से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन जाति के आधार पर किसी व्यक्ति का अपमान लोकतंत्र में स्वीकार नहीं किया जा सकता। चौधरी ने कथित 'शुद्धिकरणÓ की घटना की निंदा करते हुए संबंधित लोगों से सार्वजनिक माफी की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत की पहचान विविधता, भाईचारे और सामाजिक समरसता से है। महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं ने छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। कांग्रेस ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है, इसलिए जातिगत श्रेष्ठता अथवा छुआछूत की किसी भी मानसिकता का विरोध किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी रामशंकर राव, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, विजय सिंह, प्रशांत जैन, नीतीश शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, रविशंकर तिवारी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, राजेंद्र पटवा, प्रणयशील, भोजराज नाग, लखेश्वर कश्यप, अपर्णा बाजपेयी, विजेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद, एस. नीला, मोहसिन खान, सलीम जाफर अली, राजा खान, उस्मान रजा, गुरमीत कौर, श्याम कुमारी ध्रुव, कमला भत्तरा, गौरी, पार्षद अफरोज बेगम, शुभम यदू, रामकृष्ण तिवारी, राकेश मौर, कमलेश पाठक, राजा तिवारी, खीरेंद्र यादव, खेमराज सेठिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट