बस्तर

हर घर तिरंगा के संदेश के साथ निकली तिरंगा यात्रा
12-Aug-2026 9:44 PM
हर घर तिरंगा के संदेश के साथ निकली तिरंगा यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 12 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों के साथ निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक एवं संजय मार्केट होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को हर घर में सम्मानपूर्वक फहराने का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। यात्रा के समापन अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान गायन के साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा प्रदान की।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।


अन्य पोस्ट