बस्तर

महादेव घाट से देवड़ा शिवालय तक निकली डाक कांवड़ यात्रा
11-Aug-2026 10:57 PM
महादेव घाट से देवड़ा शिवालय तक निकली डाक कांवड़ यात्रा

 200 से अधिक शिवभक्तों ने दौडक़र किया जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 अगस्त। श्रावण मास के अवसर पर बस्तर संभाग में द्वितीय वर्ष डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ किया गया। भारी बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने इस यात्रा में सहभागिता की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यात्रा का शुभारंभ जगदलपुर के महादेव घाट स्थित इंद्रावती नदी में विधिवत जलपूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात 200 से अधिक डाक बम कांवडि़ए इंद्रावती नदी का पवित्र जल लेकर लगभग 28 किलोमीटर की दूरी बिना रुके दौड़ते हुए ओडिशा सीमा पर स्थित देवड़ा शिवालय पहुंचे। यहां पहुंचकर शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की मंगलकामना की।

गौ सेवक रोहन कुमार ने बताया कि देवड़ा शिवालय स्वयंभू शिवलिंग के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आज भी नियमित रूप से भगवान शिव की पूजा अर्चना की जाती है। देवड़ा शिवालय में बस्तर सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर से जुड़े धार्मिक कुंड के जल के प्रति भी श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है और कई भक्त इसके जल से लाभ मिलने की मान्यता रखते हैं।

गौ सेवक मुन्ना कोरी ने कहा कि डाक कांवड़ यात्रा के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना इस यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

भारी बारिश और लंबी दूरी के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवडि़ए महादेव घाट से देवड़ा शिवालय तक दौड़ते हुए पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।


अन्य पोस्ट