बस्तर

गौरव पथ बदहाल, जगह-जगह गड्ढों ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें
01-Aug-2026 3:56 PM
 गौरव पथ बदहाल, जगह-जगह गड्ढों ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 1 अगस्त। बचेली नगर के मुख्य मार्ग गौरव पथ इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति को लेकर चर्चा में है। शहर के मुख्य मार्ग के रूप में इस्तेमाल होने वाली इस सडक़ पर कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सडक़ की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। इससे आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। सेंट्रल वर्कशॉप से लेकर नगर पालिका कार्यालय के नीचे ढलान तक करीब 2 किलोमीटर का यह मार्ग गौरव पथ के रूप में विकसित किया गया था। इसका निर्माण करीब चार वर्ष पहले एनएमडीसी बचेली के सीएसआर मद से लोक निर्माण विभाग, दंतेवाड़ा द्वारा कराया गया था। निर्माण के कुछ ही वर्षों बाद सडक़ की वर्तमान स्थिति अब इसकी मरम्मत और रखरखाव की जरूरत की ओर ध्यान खींच रही है। बारिश ने और बढ़ा दी परेशानी

मानसून के दौरान समस्या और गंभीर हो गई है। सडक़ पर बने छोटे-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति विशेष रूप से परेशानी भरी है। कई जगह सडक़ की ऊपरी परत उखडऩे और गिट्टियां बिखरने से वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।

तस्वीरों में भी गौरव पथ की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। सडक़ के अलग-अलग हिस्सों में पानी से भरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त सतह नजर आ रही है। दिनभर यहां दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इन गड्ढों के कारण साथ में छोटे बड़े दुर्घटना भी हो रही है, ऐसे में मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।

गौरव पथ केवल सामान्य सडक़ नहीं, सडक़ की खराब स्थिति का असर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ रहा है। विशेषकर बारिश के दौरान पानी से भरे गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं। व्यस्त सडक़ पर इस तरह की स्थिति हादसे का कारण बन सकती है। रात के समय या तेज बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है, क्योंकि पानी भरने के बाद गड्ढे आसानी से दिखाई नहीं देते। जानकारी के अनुसार गौरव पथ का निर्माण हुए अभी लगभग चार वर्ष ही हुए हैं। इतनी कम अवधि में मुख्य सडक़ के कई हिस्सों में गड्ढे और क्षतिग्रस्त सतह दिखाई देना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।  स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर बने गड्ढों और आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं।  स्थानीय लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को देखते हुए गौरव पथ के क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


अन्य पोस्ट