बस्तर

सडक़ नहीं, कीचड़ भरे रास्ते पारकर स्कूल पहुंच रहे सोलगुड़ा के बच्चे
01-Aug-2026 3:51 PM
सडक़ नहीं, कीचड़ भरे रास्ते पारकर स्कूल पहुंच रहे सोलगुड़ा के बच्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर/भानपुरी, 1 अगस्त। बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बनियागांव के आश्रित ग्राम सोलगुड़ा तक पहुंचने वाली सडक़ बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव का दलदल बन जाती है, जिससे ग्रामीणों का रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

करीब 55 से 60 परिवारों वाले इस छोटे से गांव में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। हर दिन छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए इसी बदहाल रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं। सडक़ पर इतना कीचड़ है कि साइकिल चलाना तो दूर, पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

गांव की तस्वीरें भी हालात की गंभीरता बयां करती हैं। स्कूली छात्राएं कंधे पर बस्ता और हाथ में साइकिल थामे कीचड़ से जूझते हुए स्कूल पहुंचने का प्रयास करती दिखाई देती हैं। यह दृश्य ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर करता है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सडक़ निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। चुनावी मौसम में जनप्रतिनिधि सडक़, नाली और अन्य विकास कार्यों के बड़े-बड़े वादे करते हैं, मगर चुनाव समाप्त होते ही गांव की समस्याएं फिर उपेक्षा की भेंट चढ़ जाती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सडक़ निर्माण की मांग करते हुए कहा है कि बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए अब और इंतजार उचित नहीं है।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

सोलगुड़ा तक शीघ्र पक्की सडक़ का निर्माण कराया जाए। बरसात में जलभराव रोकने के लिए समुचित नाली व्यवस्था विकसित की जाए। सडक़ बनने तक स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए तत्काल अस्थायी मरम्मत कराई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावों की वास्तविक तस्वीर तभी बदलेगी, जब गांवों तक बुनियादी सुविधाएं कागजों से निकलकर जमीन पर दिखाई देंगी।


अन्य पोस्ट