बस्तर

एकल विद्यालय के प्रणेता श्याम गुप्त का छत्तीसगढ़ प्रवास, ग्रामोदय से राष्ट्रोदय का किया आह्वान
27-Jul-2026 10:46 PM
एकल विद्यालय के प्रणेता श्याम गुप्त का छत्तीसगढ़ प्रवास, ग्रामोदय से राष्ट्रोदय का किया आह्वान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 27 जुलाई। एकल विद्यालय अभियान के प्रणेता एवं अभिभावक श्रद्धेय श्याम जी गुप्त 21 से 27 जुलाई तक छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने दुर्ग-भिलाई, अंबिकापुर, राजनांदगांव, धमतरी, कांकेर, नयापारा-राजिम और रायपुर सहित विभिन्न नगरों में आयोजित कार्यक्रमों में बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय’ का प्रेरक संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि यदि भारत को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है तो समाज को गाँवों की ओर लौटना होगा। वनवासी एवं ग्रामीण समाज को आत्मीयता से अपनाकर उनके सुख-दु:ख में सहभागी बनना होगा। उन्होंने कहा कि जब गाँव सशक्त होंगे, संस्कृति सुरक्षित होगी और समाज संगठित होगा, तभी भारत विश्व में अपनी गौरवपूर्ण भूमिका निभा सकेगा।

उन्होंने बताया कि आज एकल विद्यालय अभियान देश के एक लाख से अधिक गाँवों में विभिन्न सेवा योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में 4,000 वनवासी गाँवों, 152 विकासखंडों, 23 जिलों एवं 15 अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और ग्राम विकास के विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

83 वर्ष की आयु में भी निरंतर देशभर का प्रवास कर रहे श्याम जी गुप्त ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र की सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार गाँव हैं। इसलिए प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है कि वह ग्रामीण एवं वनवासी समाज के बीच जाकर शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के कार्यों में सहभागी बने।

उन्होंने विशेष आह्वान करते हुए कहा, नगरवासी गाँवों की ओर जाएँ, वनवासी समाज को गले लगाएँ और भगवान श्रीराम के समान प्रेम, आत्मीयता एवं अपनत्व का व्यवहार करें। जब गाँव मजबूत होंगे, हमारी संस्कृति सुरक्षित होगी और भारत एक सशक्त, समृद्ध तथा संस्कारित राष्ट्र के रूप में विश्व का मार्गदर्शन करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धेय श्री श्याम जी गुप्त के प्रेरणादायी उद्बोधन को राष्ट्रसेवा का सशक्त आह्वान बताते हुए ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प को और अधिक गति देने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया।

ज्ञात हो कि श्याम जी गुप्त का जन्म अविभाजित भारत के पश्चिमी पंजाब (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ। रामकृष्ण मिशन के विद्यालय में अध्ययन के दौरान वे स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से गहराई से प्रभावित हुए। राष्ट्रनिर्माण, सेवा और चरित्र निर्माण के आदर्शों को उन्होंने अपने जीवन का ध्येय बनाया। वर्ष 1964 में एम.एससी. (भौतिक विज्ञान) की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने आजीवन अविवाहित रहकर अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं समाजकार्य के लिए समर्पित कर दिया।

उड़ीसा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-प्रांत प्रचारक के रूप में लगभग एक दशक तक कार्य करते हुए वे पूज्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती जी के सेवा एवं वनवासी उत्थान के कार्यों से जुड़े। उनके साथ मिलकर उन्होंने सुदूर वनवासी क्षेत्रों में रात्रि विद्यालयों के विस्तार, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरण का व्यापक अभियान चलाया, जो आज भी प्रेरणास्रोत माना जाता है।

वर्ष 1989 में वे एकल विद्यालय अभियान के संस्थापक सदस्यों में रहे तथा वर्ष 1995 में हरिकथा योजना के भी संस्थापक सदस्यों में शामिल हुए। उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एकल विद्यालय अभियान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, स्वावलंबन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया।


अन्य पोस्ट