बस्तर

संजय मार्केट से चोरी हुई 12 लाख की पिकअप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
22-Jul-2026 9:59 PM
संजय मार्केट से चोरी हुई 12 लाख की पिकअप बरामद, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 22 जुलाई। बस्तर पुलिस ने संजय मार्केट पार्किंग से चोरी हुई अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप वाहन को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 12 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 17 एलसी 6937 जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 जुलाई की रात संजय मार्केट टैक्सी स्टैंड के पास स्थित पार्किंग से अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप वाहन चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संजय मार्केट सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में वाहन के पूर्व चालक करन नाग उर्फ लक्की नाग जगदलपुर की पहचान हुई।

पुलिस टीम ने आरोपी को पल्ली नाका के पास चोरी की गई पिकअप के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पिकअप बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी करन नाग उर्फ लक्की नाग, मूल रूप से ग्राम पतोड़ा, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट