बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 14 जुलाई। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा अपनी 619 वर्षों पुरानी रियासतकालीन परंपरा का निर्वहन करते हुए बस्तर गोंचा महापर्व 2026 का आयोजन 29 जून से 25 जुलाई तक किया जा रहा है। देव स्नान पूर्णिमा (चंदन यात्रा) के साथ 29 जून को महापर्व का शुभारंभ हो चुका है।
समाज के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ के अनसर काल की समाप्ति के बाद 15 जुलाई को पारंपरिक नेत्रोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान का विशेष श्रृंगार कर स्वर्ण-रजत आभूषणों और आकर्षक वस्त्रों से अलंकृत स्वरूप में प्रथम दर्शन कराया जाएगा।
इसके बाद 16 जुलाई को पारंपरिक बस्तरिया तुपकी की गर्जना के बीच श्रीगोंचा रथयात्रा प्रारंभ होगी। भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी सहित 22 विग्रहों को तीन भव्य रथों पर विराजमान कर नगर भ्रमण के पश्चात जनकपुरी (गुंडिचा मंडप) ले जाया जाएगा, जहां नौ दिनों तक श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे। रथयात्रा के शुभारंभ पर समाज और जनप्रतिनिधियों द्वारा तुपकी सलामी दी जाएगी।
समाज ने बताया कि इस वर्ष गोंचा महापर्व के प्रथम दिवस को स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर जिला प्रशासन और कलेक्टर बस्तर के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। 16 जुलाई से 24 जुलाई तक प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महाआरती के पश्चात भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में स्थानीय कलाकारों के साथ संस्कृति विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।
महापर्व के दौरान 19 जुलाई को अखंड रामायण पाठ, 20 जुलाई को हेरा पंचमी के अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पारंपरिक तुपकी निर्माताओं का सम्मान तथा लक्ष्मीजी की डोली यात्रा निकाली जाएगी।
21 जुलाई को भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जबकि 23 जुलाई को नि:शुल्क उपनयन संस्कार संपन्न होगा। 24 जुलाई को बाहुड़ा गोंचा रथयात्रा के साथ भगवान की श्रीमंदिर वापसी होगी और 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ महापर्व का समापन होगा।
महापर्व को मेला स्वरूप देने के लिए इस वर्ष भी 12 धार्मिक दुकानों की स्थापना की जा रही है। वहीं, तेरह वेश झांकी स्थल को दस वर्षों बाद नए वस्त्रों और आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ तैयार किया गया है। नगर निगम के सहयोग से गोंचा गुड़ी का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक आसानी से महापर्व का आनंद ले सकेंगे।
पत्रकार वार्ता में समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, गोंचा आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडे सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।