बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 जुलाई। बोधघाट थाना क्षेत्र के राजीव गांधी वार्ड में रहने वाला युवक बीती रात अपने दोस्तों के साथ फोन में बात करते करते छत से गिर गया। इस दौरान उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब पिता घर के बाहर आए तो देखा कि बेटा मृत अवस्था में है। पिता उसे अस्पताल ले गए,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि राजीव गांधी वार्ड निवासी एरोज स्मिथ बीती रात को भी अपने रोजाना की तरह खाना खाने के बाद छत पर बात करने के लिए फोन लेकर चला गया। रात करीब 1 बजे तक अपने दोस्तों से उसकी बात हो रही थी। रात के करीब 1 बजे के बाद वह छत की दीवार पर बैठ गया।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि बात करने के दौरान अचानक से उसका नियंत्रण बिगड़ा होगा और वह गिर गया होगा। छत से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन रात को अंधेरा होने के कारण किसी ने भी एरोज को गिरते हुए नहीं देखा व किसी तरह से कोई आवाज नहीं सुनी।
सुबह 4 बजे जब एरोज के पिता बाहर आये तो देखा कि सडक़ पर एरोज गिरा पड़ा हुआ था। पिता ने घरवालों को बुलाया जहाँ से एरोज को अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई थी। मेकाज में शव का पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।