बस्तर
ग्रामीण ने की तहसीलदार से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 जुलाई। शहर से लगे ग्राम पंचायत बिलोरी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित एक एकड़ नजूल सरकारी भूमि पर किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। इसकी शिकायत ग्रामीण ने तहसीलदार जगदलपुर से की है। शिकायतकर्ता ने कुछ ग्रामीण जनप्रतिनिधि पर भारी-भरकम राशि लेकर जमीन बेचने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीण प्रदीप कुमार ने अपनी शिकायत में बताया है कि गांव में सडक़ किनारे स्थित एक एकड़ सरकारी नजूल भूमि को सात माह पूर्व क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा रायपुर के किसी व्यक्ति को मौखिक तौर पर सौदा कर बेच दिया। उक्त भूमि पर चार दीवारी बनाकर अवैध रूप से भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। अतिक्रमणकर्ता द्वारा उक्त भूमि पंचायत वालों से 15 लाख रुपए में खरीदने का दावा भी किया जा रहा है। ग्रामीण ने तहसीलदार से अतिक्रमण रोकने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में सरपंच बिरनाख बघेल ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। क्षेत्र के जनपद सदस्य नरेन्द्र बघेल इस विषय में जानकारी रखते हैं। पंचायत ने किसी को जमीन में कब्जे की अनुमति नहीं दी है।
अब गांव की सरकारी भूमि पर भी माफिया की गिद्धदृष्टि
बताया जाता है कि शहर व आसपास सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा कर खरीद फरोख्त का खेल काफी लंबे समय से चल रहा है। अब आसपास के गावों में भी नजूल भूमि महफूज नहीं है। पंचायत के कुछ जिम्मेदार सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करवा बेचने का गोरखधंधा कर रहे हैं। इसमें पटवारियों की भूमिका संदिग्ध है।
वाहन खड़ी करने की दी थी अनुमति -जनपद सदस्य
जनपद सदस्य नरेन्द्र बघेल ने बताया कि रायपुर के व्यापारी ने गांव की रिक्त भूमि पर वाहन रखने के लिए अनुमति मांगी थी, जिस पर अस्थाई तौर पर गाडिय़ां रखने के लिए मौखिक अनुमति दी गई थी। जमीन बेचने का आरोप सही नहीं है।
कार्रवाई होगी-तहसीलदार
वहीं जगदलपुर के तहसीलदार राहुल गुप्ता का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने आरआई को निर्देशित किया गया है।