बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 जुलाई। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रताडि़त किया जा रहा है। कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों का उपयोग निष्पक्ष रूप से होना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ईडी, आयकर विभाग और प्रशासनिक एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक मैदान में कांग्रेस का मुकाबला करने में असफल रही है, इसलिए वह जांच एजेंसियों को हथियार बनाकर कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश कर रही है।
मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है तथा महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी कार्रवाई जारी रही तो पार्टी प्रदेशभर में चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करेगी।
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने भी भाजपा सरकार पर जांच एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका लोकतंत्र में महत्वपूर्ण होती है, लेकिन वर्तमान सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। कांग्रेस पार्टी जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व सभापति कविता साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, चम्पा ठाकुर, कोमल सेना, रविशंकर तिवारी, सुभाष गुलाटी, विजय सिंह, अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, नितीश शर्मा, महेश द्विवेदी, बलराम यादव, निकेत राज झा, दयाराम कश्यप, संजय पाणिग्रही, लखेश्वर कश्यप समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।